
-
केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दी स्पीति वासियों को करोड़ों रुपये की सौगात
लाहुल स्पीति, खबर आई काजा
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के दौरे पर आए केंद्रीय संसदीय कार्य एवं जनजातीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू आज काजा पहुंचे। उन्होंने वहाँ प्रधानमन्त्री जन विकास योजना के तहत कई कल्याणकारी परियोजनाओं की आधारशिला रखी। जिन सुविधाओं की आधारशिला रखी गई उन उनमें प्रमुख हैं उच्च ऊँचाई खेल प्रशिक्षण केंद्र, आइस हॉकी रिंग और अत्याधुनिक खेल प्रशिक्षण केंद्र। काज़ा पहुँचने पर केंद्रीय मंत्री का स्थानीय जनता ने परंपरागत रीति से आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित था। उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी एवं केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलते ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर मॉनसून सत्र से पहले ही लाहुल स्पीति यात्रा का कार्यक्रम बनाया क्योंकि वे यहाँ की समस्याओं एवं विकास के मुद्दों को स्वयं जानना चाहते थे। केंद्रीय मंत्री ने ताबो से आगे सड़क की खस्ता हालत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क की टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ वर्षों में शिमला से रामपुर होते हुए किन्नौर-लाहुल स्पीति पूरे की सड़कें डबल लेन की जाएंगे। सड़क मार्ग चौड़े होने से लोगों की जीवन शैली में भी तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा. किरेन रिजिजू ने स्पीति के होम स्टे कॉंसेप्ट की भी जमकर सराहना की। रविवार को भी केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू लाहुल स्पीति जिला के दौरे पर रहेंगे।
उनके साथ कार्यक्रम में मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत एवं स्थानीय विधायक अनुराधा राणा भी उपस्थित रही। विधायक अनुराधा राणा ने उनके क्षेत्र की जनता को बहुमूल्य परियोजनाओं की सौगात देने के लिए केंद्र सरकार और मंत्री महोदय का आभार व्यक्त किया।
