
-
अखिलेश कपूर का भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में चयन, जनजातीय किसानों की बड़ी जीत – मंगल मनेपा
लाहुल स्पीति, खबर आई
भारतीय जनता पार्टी जनजाति मोर्चा, लाहुल-स्पीति के जिला अध्यक्ष मंगल मनेपा ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी श्री अखिलेश कपूर को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में गैर-आधिकारिक सदस्य के रूप में नामित किए जाने तथा केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान, शिमला की संस्थान प्रबंधन समिति में दायित्व सौंपे जाने पर केंद्र सरकार एवं शीर्ष नेतृत्व का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
मंगल मनेपा ने इस नियुक्ति को जनजातीय क्षेत्र के किसानों, विशेष रूप से आलू उत्पादकों के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा कि अखिलेश कपूर का भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में शामिल होना लाहुल-स्पीति के जनजातीय किसानों के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा, “हमारी घाटी का मुख्य आधार कृषि है और आलू उत्पादन यहाँ की आर्थिकी की रीढ़ है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद जैसी राष्ट्रीय संस्था में अखिलेश कपूर के होने से हमारे आलू उत्पादकों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज अनुसंधान और बेहतर विपणन सुविधाएं मिलेंगी, जिससे किसानों की आय में सीधे तौर पर वृद्धि होगी।”
मंगल मनेपा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि वे जनजातीय क्षेत्रों के विकास और वहाँ के नेतृत्व को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अखिलेश कपूर की कार्यकुशलता और अनुभव का लाभ अब दुर्गम क्षेत्रों के किसानों तक पहुंचेगा।
जनजाति मोर्चा लाहुल-स्पीति की समस्त जिला इकाई, केलांग मंडल के अध्यक्ष उमेश कुमार, उदयपुर मंडल के अध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा तथा स्पीति मंडल के अध्यक्ष तनज़ीन छुलिम सहित सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने भी अखिलेश कपूर को इस उपलब्धि पर बधाई दी और आशा जताई कि वे कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में जनजातीय हितों की सशक्त वकालत करेंगे।
