
-
24 फरवरी से होगा लाहुल घाटी के गोंधला (यांगला ) से स्नो फेस्टिवल 2025 का आगाज- उपायुक्त राहुल कुमार
लाहुल स्पीति, खबर आई केलंग
जनजातीय जिला लाहुल स्पीति में स्नो फेस्टिवल (विंटर कार्निवल) 2025 का आगाज 24 फरवरी 2025 को गोंधला (यांगला स्नो प्वाइंट) से किया जाएगा यह जानकारी उपायुक्त लाहुल स्पीति राहुल कुमार ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार कक्ष में स्नो फेस्टिवल के सफल आयोजन व तैयारियों के संदर्भ में आयोजित की गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि लाहौल घाटी में पर्यटन एवं स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा दिए जाने के उद्देश्य से स्नो फेस्टिवल/विंटर कार्निवल का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी को गोंधला से प्रारम्भ स्नो फेस्टिवल/विंटर कार्निवल एक महीने तक मनाया जाएगा और पूर्व की भांति इस वर्ष भी लाहौल घाटी के विभिन्न स्थानों जिनमें त्रिलोकीनाथ, केलंग, तुपचलिंग सहित जिस्पा में उत्सव का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है एक भव्य समापन समारोह का आयोजन मार्च माह में सिस्सु में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्नो फेस्टिवल का मुख्य आकर्षण लाहौल घाटी की स्थानीय संस्कृति, रीति रिवाज, स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारम्परिक लोक संगीत रहेगा। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिला मंडलों, युवक मंडलों एवं स्थानीय कलाकारों को अवसर दिया जाएगा ताकि घाटी के पुराने रीति रिवाजों एवं समृद्ध संस्कृति के संरक्षण को बल मिल सके।
उन्होंने बताया कि घाटी के अलग – अलग स्थानों पर स्थानीय लोगों की सहभागिता से आयोजित होने वाले स्नो उत्सव में खेल प्रेमियों, महिला मंडलों व युवक मंडलों के लिए खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें तीरंदाजी, बुनाई, मटका फोड़, रस्साकसी, मेंहदी प्रतियोगिता, बैडमिंटन, छोलों सहित बर्फ की उपलब्धता रहने पर स्नो क्राफट व स्नो स्नो स्केटिंग प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि घाटी के विभिन्न स्थानों आयोजित हो रहे स्नो उत्सव में आयोजित होने बाली खेल प्रतियोगिताओं में से अन्त में घाटी से सर्वश्रेष्ठ दल/व्यक्ति को चुना जाएगा और सर्वश्रेष्ठ का इनाम दिया जाएगा।
उपायुक्त ने स्नो फेस्टिवल के आयोजन बारे अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने के लिए सोशल मीडिया का प्रयोग करने तथा मनाली, अटल टनल के पास व घाटी के प्रमुख स्थानों पर बडे़ बडे़ विज्ञापन होल्डिंग लगाने के निर्देश दिए ताकि घाटी के सभी लोगों सहित पर्यटकों को भी स्नो उत्सव के आयोजन बारे जानकारी हो सके और देश विदेश के पर्यटक घाटी की समृद्ध संस्कृति से रुबरु हो सकें।

उन्होंने खंड विकास आधिकारी को उत्सव के आयोजन स्थलों पर महिला मंडलों के माध्यम से फूड स्टाल लगाने के निर्देश दिए ताकि पर्यटक व आमजन स्थानीय पारंपरिक व्यजनों का लुत्फ उठा सकें और महिलाओं को अपनी आर्थिकी को सुदृढ़ करने का अवसर प्राप्त हो सकें।
उन्होंने आयुष व स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि स्नो फेस्टिवल के सभी आयोजन स्थानों पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करना सुनिश्चित करें ताकि लोग उत्सव के दौरान अपनी स्वस्थ्य जांच भी करवा सकें। उन्होंने अन्य विभागों को भी विभागीय प्रदर्शनियां लगाने सहित प्रदेश सरकार की आम जनता के कल्याण हेतू चलाई जा रही बहु लाभकारी योजनाओं की जानकारी उत्सव के दौरान प्रदान करने को कहा ताकि जिला में सभी कल्याणकारी योजनाओं को सैचुरेशन स्तर तक ले जाया सकें।
उपायुक्त ने बैठक के दौरान ही स्नो फैस्टीवल के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों व उप समितियों का गठन कर उन्हे समय पर तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस विभाग को घाटी के विभिन्न स्थानों पर आयोजित हो रहे स्नो उत्सव के दौर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटी के सभी पंचायत प्रतिनिधियों से क्षेत्र की आमजनता को स्नो फेस्टिवल के आयोजन के संदर्भ में बताने व अधिक से अधिक संख्या में उत्सव में भाग लेने का आग्रह किया है।
बैठक में सहायक आयुक्त संकल्प गौतम, एसडीएम केलंग रजनीश शर्मा, उपनिदेशक शिक्षा (निरीक्षण) सुरेश विद्यार्थी, जिला आयुष अधिकारी बनीता शर्मा एवं पंचायतों को प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
