
-
भुंतर खोखन नाले पर अवैध कब्जे हटाने की कवायद शुरू, एसडीएम व राजस्व विभाग निशानदेही में जुटे –
कुल्लू, खबर आई ब्यूरो
जिला के प्रवेश द्वार भुंतर में स्थित खोखन नाला के आसपास अवैध कब्जा को हटाने की कवायद मंगलवार को शुरू हो गई है। एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला के नेतृत्व में तहसीलदार भुंतर नितेश ठाकुर व अन्य राजस्व कर्मचारी अवैध कब्जों की जांच में जुटे हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खोखन नाले के आसपास बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे हुए हैं। जिसमें कई लोगों ने तीन से चार मंजिला मकान खड़े कर रखे हैं। इसके अलावा नाले के आसपास व नाले के ऊपर बड़ी संख्या में लोगों ने दुकान बना रखी है।
जिसकी वजह से खोखन नाले का आकार सिमट कर महज तीन से चार फीट रह गया है। यही वजह है कि बारिश व बरसात के समय खोखन नाले का पानी सड़क में बह कर भुंतर बाजार में जमकर तबाही मचाता है। जिसकी वजह से दुकानदारों के अलावा स्थानीय लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ता है। वहीं, प्रशासन की दिक्कतें भी बढ़ जाती हैं। इसी को मद्देनजर रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा खोखन नाले के ऊपर व आसपास हुए अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम विकास शुक्ला ने साफ तौर पर कहा कि नाले के ऊपर व आसपास हुए अवैध कब्जों को सख्ती से हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अन्य नदी नालों के ऊपर वह आसपास हुए अवैध कब्जों को भी त्वरित कार्रवाई करते हुए हटाया जाएगा। ताकि नाले में आने वाले पानी का प्रवाह ठीक ढंग से हो सके और किसी भी प्रकार का नुकसान लोगों को न झेलना पड़े। फिलहाल अवैध कब्ज को हटाने की प्रक्रिया जारी है।
