
-
सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सशक्त बने महिलाएं – विनय चौहान
-
पधर में एकल महिलाओं को दिया एक दिवसीय प्रशिक्षण
मंडी, खबर आई पधर
एकल महिलाओं को सरकार की योजनाओं और उनके लाभों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को पंचायत समिति भवन पधर में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में महिलाओं को उन सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई, जो उनके आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक उत्थान में सहायक हो सकती हैं।
एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 50 एकल महिलाओं में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी विनय चौहान ने की। उन्होंने महिलाओं को पंचायती राज विभाग की योजनाओं के साथ-साथ स्वरोजगार और कौशल विकास से संबंधित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
महिलाओं के लिए चलाई जा रही प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड अप इंडिया, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री जन धन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, और विधवा पेंशन, जननी सुरक्षा योजना और मातृ वंदना आदि योजनाओं से अवगत करवाया।
इसके अलावा महिलाओं के अधिकारों, घरेलू हिंसा कानून और कानूनी सहायता की उपलब्धता, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी।
खंड विकास अधिकारी विनय चौहान ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि महिलाएं न केवल इन योजनाओं के बारे में जानें, बल्कि उनका लाभ उठाकर अपनी स्थिति मजबूत कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान सहभागी महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी सिखाई गई। बिल्कुल नारी शक्ति संगठन द्रंग ब्लॉक अध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम एकल महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह पहल समाज में महिलाओं के समग्र विकास के लिए एक प्रभावी कदम है। जिसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन का आभार जताया।
इस दौरान तहसील कल्याण अधिकारी सरला शर्मा, आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक चंद्रावती, पंचायत निरीक्षक हुकम चंद, एससीबीपीओ बलदेव ठाकुर और एलएसइओ शांता ठाकुर ने महिलाओं को विभागीय योजनाओं बारे प्रशिक्षण दिया।