
-
बाशिंग के जवान शहीद देवी चंद की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया – दिनेश सेन
कुल्लू, खबर आई
वर्ष 1991 में भारत–बांग्लादेश की सीमा पर पशु तस्करी को रोकते हुए जिला कुल्लू के गांव बाशिंग के जवान शहीद देवी चंद वीरगति को प्राप्त हुए थे। पशु तस्करों के साथ मुठभेड़ के दौरान बांग्लादेश राइफल्स के जवानों द्वारा की गई गोलीबारी में वे मौके पर ही शहीद हो गए थे। आज उनके पैतृक गांव बाशिंग में उनकी प्रतिमा (मूर्ति) का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 510 बटालियन की टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। मूर्ति का अनावरण मदन लाल, पुलिस अधीक्षक, कुल्लू के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। मूर्ति अनावरण के उपरांत पंचायत भवन बाशिंग के सभागार में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बाशिंग तथा मूर्ति अनावरण समिति की ओर से संयुक्त सांस्कृतिक एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बाशिंग के प्रधानाचार्य राजेश ठाकुर ने कार्यक्रम में पधारे हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधीक्षक, कुल्लू सहित सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी व जवान, सूत्रधार कला संगम के उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह को कुल्लू की पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सर्वप्रथम शहीद देवी चंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “शहीद देवी चंद का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टा जैसे खतरनाक ड्रग्स से दूर रहना चाहिए” उन्होंने युवाओं से अनुशासन, नियमों के पालन और कानून व्यवस्था में सहयोग की अपील की और अभिभावकों से कहा कि बिना लाइसेंस नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें, ताकि अनमोल जिंदगियां खतरे में न पड़ें। उन्होंने बच्चों को मोबाइल व नशे से दूर रहकर खेल, संस्कृति और सकारात्मक गतिविधियों में ऊर्जा लगाने का संदेश दिया।
इसके साथ-साथ मूर्ति अनावरण समिति के अध्यक्ष श्री दिनेश सेन (अध्यक्ष सूत्रधार कला संगम कुल्लू, पूर्व प्रधान बाशिंग, पूर्व बीडीसी सदस्य कुल्लू व पूर्व जिला परिषद सदस्य कुल्लू) ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि “शहीदों की स्मृति को जीवित रखना हमारा कर्तव्य है। ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति और संस्कार जगाते हैं।” उन्होंने सूत्रधार कला संगम की सराहना करते हुए कहा कि “यह संस्था हजारों युवाओं को मंच प्रदान कर देश-विदेश तक उनकी प्रतिभा पहुँचाने का कार्य कर रही है। कला, संस्कृति और रंगमंच के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं ।” युवाओं से अपील की गई कि वे इस मंच से जुड़कर अपनी प्रतिभा को निखारें। कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे एडवोकेट ताराचंद कौशिक सहित शहीद देवी चंद के परिवारजनों को सम्मानित किया गया।
प्रतिमा स्थापना में विशेष रूप से उपप्रधान ग्राम पंचायत बाशिंग विजय कुमार कि अगुबाई में समाजसेवी विजय सेन, राजेश शास्त्री, नरोतम जांगीर, बाबा कुमार दास का अमूल्य सहयोग रहा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल सहित मूर्ति अनावरण समिति अध्यक्ष दिनेश सेन, बीएसएफ 510 बटालियन के अधिकारी व जवान, एडवोकेट ताराचन्द कौशिक, प्रधान ग्राम पंचायत बाशिंग डोली ठाकुर, उपप्रधान ग्राम पंचायत बाशिंग विजय कुमार, उपप्रधान ग्राम पंचायत नल्हाच चमन ठाकुर, उपप्रधान ग्राम पंचायत बनोगी रामनाथ, प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाशिंग राजेश ठाकुर व स्टाफ, एसएमसी अध्यक्ष झाबे राम, विद्यालय संरक्षक अनिल शर्मा, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
