
-
पधर में जिला स्तरीय पांच दिवसीय किसान मेला शुरू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने झंडा फहराकर किया मेला का शुभारंभ –
-
शोभा यात्रा में हुए शामिल, देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना –
मंडी, खबर आई पधर,
पधर में मनाए जाने वाले 5 दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेले का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज विधिवत रूप से देव श्री सूत्रधारी ब्रह्मा जी महाराज व अन्य देवी देवताओं की पूजा अर्चना कर किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने मेला स्थल पर मेले का ध्वज फहराया और जल शक्ति विश्राम गृह डलाह से मेला मैदान तक निकाली गई भव्य शोभा यात्रा में भी भाग लिया।
उन्होंने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति की अपनी एक अलग पहचान है। मेले के दौरान देवी-देवताओं के आगमन एवं मेल मिलाप से जहां हमारी प्राचीन देव संस्कृति को बल मिलता है तो वहीं यह अधिक मजबूत व समृद्ध भी होती है। साथ ही इस तरह के आयोजनों से हमारी नई पीढ़ी को प्रदेश की इस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जानने व सहेजने का सुअवसर भी प्राप्त होता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी जिला के विकास में पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह का उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा द्रंग विधानसभा क्षेत्र में आईआईटी जैसा विश्व स्तरीय संस्थान लाना ठाकुर कौल सिंह के प्रयासों से संभव हुआ है और नेरचौक मेडिकल कॉलेज भी इन्हीं के प्रयासों का नतीजा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल निर्माता स्वर्गीय डॉ० वाई एस परमार की तपस्या से जहां हिमाचल बना था, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस पहाड़ी प्रदेश में विकास के नए रंग भरे हैं, जिसके परिणाम स्वरुप हिमाचल यहां तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश के सभी मुख्यमंत्रियों का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि देश दुनिया में हिमाचली टोपी को नई पहचान वीरभद्र सिंह ने दिलाई है। आज पहाड़ी टोपी हिमाचल की पहचान है। चाहे वो किसी भी रंग की हो।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 135 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के कार्य किए जा रहे है। जिन्हें समयबद्ध पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए 50 हजार रूपए देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने सीडीपीओ पधर इकाई द्वारा संचालित किए जाने वाले अनप्राशन कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मेला समिति अध्यक्ष एवं एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने मुख्य अतिथि को शॉल टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त अन्य विभिन्न संगठनों द्वारा भी मुख्य अतिथि को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पंचायत समिति उपाध्यक्ष कृष्ण भोज, बामन देव, केहर सिंह, गिरधारी भगालिया, जोगिंदर गुलेरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
-0-