मुख्य समाचार

सरकार पहली ही कैबिनेट में पुरानी पेंशन योजना की बहाली करेगी,10 गारंटियों को भी पूरा करेंगी – सुक्खू

सरकार पहली ही कैबिनेट में पुरानी पेंशन योजना की बहाली करेगी,10 गारंटियों को भी पूरा करेंगी – सुक्खू

शिमला ( खबर आई )

कोरोना से संक्रमित सूबे के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने नई पेंशन योजना के कर्मियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार अपने वादे के मुताबिक पुरानी पेंशन योजना का वादा पहली कैबिनेट में पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नई पेंशन योजना कर्मचारियों का डाटा इकट्‌ठा करना शुरू कर दिया है। इसे लेकर विभिन्न कर्मचारी संगठनों और समाज के अन्य वर्गों के सुझावों पर विचार किया जा रहा है,ताकि पुरानी पेंशन की बहाली में कोई बाधा न आए।
सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वादे के मुताबिक पहली ही कैबिनेट में पुरानी पेंशन योजना की बहाली करेगी। 10 गारंटियों को पूरा करने के लिए कांग्रेस पार्टी प्रतिबद्ध है। राज्य की जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर खरा उतरने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
परिवहन विभाग को दिए जाएंगे इलेक्ट्रिक वाहन उन्होंने अधिकारियों को इलेक्ट्रिक वाहनों के बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं,जिससे न केवल राज्य के खजाने पर बोझ कम होगा,बल्कि प्रदेश के पर्यावरण के लिए भी वरदान साबित होगा। परिवहन विभाग को इलेक्ट्रिक वाहन दिए जाएंगे और सचिवालय व अन्य विभागों को भी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषक समुदाय को प्रोत्साहन देकर राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर अधिक ध्यान दिया जाएगा। राज्य की (सकल घरेलू उत्पाद) में कृषि और बागवानी का योगदान लगभग 13 प्रतिशत है,इसलिए किसानों को उन्नत तकनीकी जानकारी प्रदान करने पर जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए स्टार्ट-अप फंड बनाया जाएगा। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पार्टी पर भरोसा दिखाया है। इसलिए प्रदेश सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी कोशिश करेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बीते कल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वह दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में क्वारंटाइन हैं। बीते कल उन्हें हल्की खांसी थी। मगर आज उनके स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है। उन्होंने यहां जारी बयान में कहा कि वह कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं। स्वस्थ होने के बाद वह जल्द काम पर लौटेंगे।

About The Author

खबर आई एक सामाजिक सेवाओं और जनमानस के लिए काम करने वाली समाचार संस्था है। हम शिक्षा, मनोरंजन, राजनैतिक, पर्यावरण और प्रेरणा पर आधारित जानकारी के साथ-साथ नवीनतम समाचार प्रदान करते हैं।

Related posts