
-
सी० एंड वी० अध्यापकों की जल्द हो पदोन्नति – दयाराम ठाकुर
मंडी, खबर आई
राजकीय सी० एंड वी० अध्यापक संघ, जिला मंडी के अध्यक्ष दयाराम ठाकुर ने कहा है कि लंबे समय से लंबित पड़ी सी० एंड वी० अध्यापकों की पदोन्नति (प्रमोशन) प्रक्रिया को विभाग तुरंत प्रभाव से शुरू करे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सी एंड वी अध्यापक पिछले ढाई वर्षों से प्रमोशन की प्रतीक्षा कर रहे हैं, किंतु विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्यवाही पूरी होने के बावजूद अब तक अंतिम आदेश जारी नहीं किए गए हैं। विभाग ने शिक्षकों की ए०सी०आर० रिपोर्ट अगस्त माह तक मंगा ली थी, जो इस बात का प्रमाण है कि प्रमोशन प्रक्रिया में कोई प्रशासनिक बाधा नहीं है। इसके बावजूद, आदेश का लंबित रहना शिक्षकों के लिए अत्यंत निराशाजनक है।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि अक्टूबर–नवंबर माह में यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तो पंचायत चुनावों के कारण लागू होने वाली आचार संहिता के चलते यह मामला अगले शैक्षणिक सत्र तक टल जाएगा। ऐसी स्थिति में शिक्षकों का मनोबल प्रभावित होगा और शिक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
संघ की जिला कार्यकारिणी एवं सभी शिक्षा खंडों के पदाधिकारीगण ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि मुख्यमंत्री महोदय और शिक्षा मंत्री महोदय से विशेष निवेदन किया जाए कि विभाग को शीघ्र आदेश जारी करने के निर्देश दिए जाए। संघ का मानना है कि समय पर प्रमोशन प्रक्रिया पूरी होने से न केवल शिक्षकों को उनका वैधानिक अधिकार प्राप्त होगा, बल्कि शिक्षा व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ एवं परिणाममुखी बनेगी।
अध्यक्ष दयाराम ठाकुर ने निवेदन किया है कि प्रदेश सरकार शीघ्र हस्तक्षेप कर सी० एंड वी० अध्यापकों की प्रमोशन प्रक्रिया तुरंत आरंभ करे और उन्हें न्याय प्रदान करे।
