
-
बीच सड़क में हांफी निगम की बस, एक घंटा बंद रहा राष्ट्रीय मार्ग
मंडी, खबर आई पधर
मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब उरला के समीप भलाणा के पास हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस बीच सड़क में खराब हो गई। बस के रुकने से एनएच पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया और यातायात करीब एक घंटे तक ठप रहा।
निगम के कुल्लू डिपो की यह बस पठानकोट की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक उसकी प्रेशर पाइप फट गई, जिससे बस सड़क में ही खड़ी हो गई। सूचना मिलते ही पधर से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जाम की स्थिति को संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया।
पधर से ही रिकवरी क्रेन मंगवाकर बस को सड़क के किनारे किया गया। इसके बाद ही मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। इस दौरान एनएच पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
