मुख्य समाचार

प्रधानाचार्य पदोन्नति से सुदृढ़ होगी शिक्षा – दयाराम ठाकुर

प्रधानाचार्य पदोन्नति से सुदृढ़ होगी शिक्षा – दयाराम ठाकुर
  • प्रधानाचार्य पदोन्नति से सुदृढ़ होगी शिक्षा – दयाराम ठाकुर

  • संघ ने सी एंड वी शिक्षकों की पदोन्नति शीघ्र करने की उठाई मांग

मंडी, खबर आई

राजकीय सी एंड वी अध्यापक संघ जिला मंडी ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानाचार्य पदोन्नति प्रक्रिया पूरी किए जाने पर माननीय मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया है। संघ के अध्यक्ष दया राम ठाकुर का कहना है कि इससे विद्यालयों की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

अध्यक्ष दया राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानाचार्य पदोन्नति से विद्यालयों की कार्यप्रणाली अधिक सुदृढ़ होगी। क्लस्टर सिस्टम को और प्रभावी बनाने में प्रधानाचार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी, जिससे विद्यालयों का निरीक्षण नियमित रूप से होगा और शैक्षणिक गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार आएगा। संघ ने सभी नवपदोन्नत प्रधानाचार्यों को हार्दिक बधाई दी है।

इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से निवेदन किया है कि शारीरिक शिक्षकों की पदोन्नति भी शीघ्र की जाए। जिला कार्यकारिणी ने स्पष्ट किया कि शारीरिक शिक्षकों की पदोन्नति डीपी प्रवक्ता (न्यू) / शारीरिक प्रवक्ता पदों पर होनी है, लेकिन यह प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। इसलिए शारीरिक शिक्षकों की पदोन्नति भी जल्द की जानी चाहिए।

इसके साथ ही संघ ने सी एंड वी शिक्षकों की टीजीटी पदों पर पदोन्नति की मांग भी प्रमुखता से उठाई है। जिला कार्यकारिणी ने बताया कि विभाग द्वारा सी एंड वी शिक्षकों की एसीआर सितंबर माह तक मंगवाई गई थी, जिसे शिक्षकों ने समय पर जमा कर दिया है। सरकार की नीति के अनुसार सी एंड वी शिक्षकों के लिए 10 प्रतिशत तथा प्राथमिक शिक्षकों के लिए 15 प्रतिशत कोटा निर्धारित है। इस निर्धारित कोटे के अंतर्गत सी एंड वी एवं प्राथमिक शिक्षकों की टीजीटी पदों पर पदोन्नति की जानी है, लेकिन अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है।

जिला कार्यकारिणी ने विभाग से आग्रह किया है कि तय कोटे के अनुसार सी एंड वी एवं प्राथमिक शिक्षकों की पदोन्नति शीघ्र की जाए, ताकि शिक्षकों में व्याप्त असमंजस समाप्त हो और विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य सुचारू रूप से चल सके।

इस मांग को लेकर जिला कार्यकारिणी के वित्त सचिव पूर्ण चंद चौधरी, वरिष्ठ उप प्रधान भूप सिंह व हेमराज, सचिन नंदलाल चौधरी, महिला विंग अध्यक्ष दीक्षा गुलरिया, मार्गदर्शन समिति अध्यक्ष नरोत्तम सिंह, मुख्य लेखाकार संतोष कुमार, कार्यालय सचिव राकेश, तथा सभी शिक्षा खंडों के अध्यक्ष अरविंद कुमार, दीपक, विपिन गुलरिया, सतीश कुमार, सी.आर. यादव, दविंदर कुमार, देवराज, राकेश कुमार, कमलेश राव, रंगीला, नरेश कुमार, प्रकाश चंद, हेमराज ठाकुर, रोशन ठाकुर, माथुर सिंह, विपिन सिंह, श्यामलाल, नवीन कुमार एवं कृष्ण कुमार सहित जिला मंडी की समस्त कार्यकारिणी ने एक स्वर में सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।

About The Author

खबर आई एक सामाजिक सेवाओं और जनमानस के लिए काम करने वाली समाचार संस्था है। हम शिक्षा, मनोरंजन, राजनैतिक, पर्यावरण और प्रेरणा पर आधारित जानकारी के साथ-साथ नवीनतम समाचार प्रदान करते हैं।

Related posts